Share Market Surges On Finance Ministers Statement On Ltcg Investors Hopeful
FM के LTCG के जिक्र से उछला बाज़ार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
फाइनैंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को यहां ब्लूमबर्ग न्यू इकनॉमिक फोरम 2026 में कहा कि पिछले डेढ़ साल में रुपये में काफी गिरावट आई है और इसमें उतार-चढ़ाव रोकने के लिए RBI अपनी कोशिश जारी रखेगा। विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बारे में उन्होंने कहा कि ये निवेशक खासतौर से अमेरिका और AI की ओर आकर्षित हैं, जिसके चलते वे दुनियाभर से पैसा निकाल रहे हैं और यह ट्रेंड केवल भारत तक सीमित नहीं है। वित्त मंत्री ने स्टॉक मार्केट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स के बारे में कहा कि इस बारे में 'स्वस्थ' बहस लंबे समय से हो रही है और इस पर उनका पूरा ध्यान रहता है।पिछले दिनों सिंगापुर का दौरा करने वाली सीतारमण ने कहा, 'पिछले तीन दिनों में सिंगापुर में कई निवेशकों से मुलाकात हुई। हाइपर ट्रेडर्स पूरी दुनिया से पैसा निकाल रहे हैं। केवल भारत की बात नहीं है। AI और अमेरिका की ओर अट्रैक्शन के चलते ऐसा हो रहा है।'
शेयर बाजार में टैक्स के बारे में पूछे जाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स और लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स के बारे में 'स्वस्थ' बहस चल रही है और इस पर उनका पूरा ध्यान रहता है। उन्होंने कहा, 'बजट बनाने की प्रकिया शुरू हो चुकी है। मैं क्या करूंगी या नहीं करूंगी, यह बताने का यह सही समय नहीं है।'
सीतारमण ने कहा कि देश में निजी क्षेत्र और विदेश से भी निवेश आ रहा है। रिन्यूएबल एनर्जी, सेमीकंडक्टर, चिप डिजाइन जैसे क्षेत्रों में निवेश आ रहा है। AI के मामले में भारत के लक्ष्य अति महत्वाकांक्षी नहीं हैं और इस बारे में सोच-समझकर फैसला किया गया है।