दो PCS अफसरों के खिलाफ FIR, ऑपरेटर की सेवा समाप्त

नवभारतटाइम्स.कॉम•
pilibhit voter list irregularity fir against two pcs officers operators service terminated
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : पीलीभीत विधानसभा की वोटर लिस्ट में 13 हजार से अधिक वोटरों के नाम व विवरण में गड़बड़ी पाए जाने के बाद दो एसडीएम व वोटर पंजीकरण केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ गुरुवार को नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। एसडीएम को उनकी जिम्मेदारी से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, जबकि ऑपरेटर की सेवा समाप्त हो गई है। वोटर लिस्ट में 13 हजार से अधिक वोटों की गड़बड़ी को लेकर सपा, कांग्रेस ने शिकायत की थी। इसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी ने पीलीभीत के जिलाधिकारी आलोक कुमार से पूरी मामले की जांच रिपोर्ट मांगी थी।

10,470 नामों में मिली गड़बड़ी : आयोग के अनुसार 31 मई से 29 मई के बीच वोटरों के विवरण में संशोधन के लिए 13,779 फॉर्म-8 की एंट्री की गई। इसमें 16 जुलाई तक 4,717 और 17 से 29 जुलाई तक 9,062 फॉर्मों की एंट्री हुई। इनसे जुड़ा कोई भी फॉर्म या दस्तावेज दफ्तर में नहीं मिला। इन 13,779 फॉर्म-8 में से कुल 10,470 फॉर्मों को स्वीकृत एवं 3,309 फॉर्मों को अस्वीकृत किया गया। इस प्रकार 10,470 प्रविष्टियों में गड़बड़ी पायी गई। इस मामले में पूरनपुर के एसडीएम मयंक गोस्वामी अमरिया के एसडीएम हेमंत चौधरी और कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। दोनों एसडीएम के खिलाफ विभागीय जांच होगी। इन दोनों की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में तैनाती थी।

रेकमेंडेड खबरें