Father son Beaten For Asking Money For Paan Masala Councilor Protests At Police Station
पान मसाला के रुपये मांगने पर पिता-पुत्र को पीटा, थाने में धरने पर बैठे पार्षद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : चिनहट इलाके के कठौता चौराहे पर पान मसाले के रुपये मांगने पर दुकानदार पिता-पुत्र से मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि रविवार शाम नशे में धुत इनोवा सवार तीन युवकों ने दुकानदार मैकू लाल और उनके बेटे सुमित की पिटाई कर दी। शिकायत पर पुलिस ने पिता और पुत्र को ही थाने में बैठा लिया। इससे नाराज चिनहट द्वितीय वॉर्ड के पार्षद शैलेंद्र वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। बाद में 150 से अधिक लोगों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की।
पार्षद शैलेंद्र वर्मा के मुताबिक, मैकू लाल कठौता चौराहे पर पान की दुकान लगाते हैं। रविवार शाम चार बजे सचिवालय का पास लगी इनोवा से तीन युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और पान मसाला लिया। रुपये मांगने पर युवक अभद्रता करते हुए मैकूलाल और उनके बेटे सुमित को पीटने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और तीनों युवकों को कार समेत पकड़कर विभूतिखंड थाने ले आए। मैकू और सुमित का आरोप है कि कुछ देर बाद वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे तो पता चला कि तीनों युवकों को छोड़ दिया गया है। कार भी वहां नहीं थी।इंस्पेक्टर पर फोन नहीं उठाने का आरोप
मामले की जानकारी पर पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने विभूतिखंड इंस्पेक्टर को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। पार्षद का दावा है कि एक विधायक ने भी इंस्पेक्टर को फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। इसके बाद शैलेंद्र वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पार्षद ने थाने में मौजूद एक अन्य युवक को कार का ड्राइवर बताए जाने पर भी सवाल उठाए। मैकू और सुमित का कहना था कि वह युवक घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।
कई जनप्रतिनिधि पहुंचे
धरने और घेराव की जानकारी मिलने पर मौलवीगंज वॉर्ड के पार्षद मुकेश सिंह मोंटी, रफी अहमद किदवई वॉर्ड के पूर्व पार्षद राम कृष्ण यादव और इस्माईलगंज द्वितीय वॉर्ड के पार्षद प्रतिनिधि हरीश अवस्थी भी समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और पिता-पुत्र को छोड़ने की मांग की। देर तक थाने में हंगामा और नारेबाजी होती रही। हालांकि देर रात डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का फोन कॉल आने के बाद मामला शांत हुआ। डिप्टी सीएम ने एसीपी को इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए के निर्देश दिए हैं।