पॉलिसी, प्रीमियम से लेकर क्लेम तक की हर जानकारी मिलेगी एक जगह

नवभारतटाइम्स.कॉम
पॉलिसी, प्रीमियम से लेकर क्लेम तक की हर जानकारी मिलेगी एक जगह
पीटीआई, नई दिल्ली

भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण ( IRDAI ) ने मंगलवार को एक पब्लिक इंश्योरेंस रजिस्ट्री (PIR) बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसे एक डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की तरह तैयार किया जाएगा, ताकि बीमा को सस्ता बनाया जा सके और इसे लंबे समय तक टिकाऊ रखा जा सके। Irdai ने इस बारे में कंसल्टेशन पेपर जारी किया है।
इस नई व्यवस्था से पॉलिसीधारकों को यह सुविधा मिलेगी कि वे अलग-अलग कंपनियों से ली गई अपनी सभी बीमा पॉलिसियों को एक ही जगह देख सकेंगे। इसमें पॉलिसी का स्टेटस क्या है, उससे क्या-क्या फायदे मिलेंगे, प्रीमियम का भुगतान कितना हुआ है, क्लेम की क्या स्थिति है और नॉमिनी की जानकारी जैसी तमाम डिटेल्स शामिल होंगी। इसके अलावा, यह प्लैटफॉर्म ग्राहकों को कंपनियों के पास पड़ी उनकी ऐसी रकम ढूंढने में भी मदद करेगा, जिस पर अब तक किसी ने दावा नहीं किया है। साथ ही, ग्राहक एक ही जगह से अपनी कई अलग-अलग बीमा कंपनियों को जरूरी बदलाव या सर्विस के लिए रिक्वेस्ट भी भेज सकेंगे। Irdai ने कहा कि इस रजिस्ट्री को बनाने की प्रेरणा देश के अन्य क्षेत्रों में सफल रहे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (UPI और आधार) से मिली है। यह रजिस्ट्री पूरे देश के स्तर पर काम करेगी, जहां सभी सिस्टम आपस में जुड़े होंगे। इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। इसका मुख्य उद्देश्य बीमा क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देना, सभी को इसमें शामिल करना, भरोसा और पारदर्शिता पैदा करना है। Irdai ने 30 सितंबर तक राय और सुझाव देने को कहा है।

पॉलिसी, प्रीमियम से लेकर क्लेम तक की हर जानकारी मिलेगी एक जगह