इस महीने IPO से 25,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

नवभारत टाइम्स
september ipo boom 25 companies prepare to raise 25000 crore
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : सितंबर का महीना उन निवेशकों के लिए शानदार रहने वाला है जो IPO में पैसा लगाना पसंद करते हैं। कंपनियां इस महीने 20,000 से 25,000 करोड़ रुपये के IPO लॉन्च करने वाली हैं।

जानकारों के मुताबिक, सितंबर में करीब 25 कंपनियां अपना IPO लाने की लाइन में खड़ी हैं। इनमें से कई कंपनियां अपनी लिस्टिंग इसलिए पूरी करना चाहती हैं ताकि मार्केट रेगुलेटर सेबी से मिली उनकी मंजूरी लैप्स न हो जाए। इस लिस्ट में बड़ी और मध्यम दोनों तरह की कंपनियां शामिल हैं, जिनमें से कई कंपनियां 500 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी में हैं।
जेएम फाइनेंशियल की एमडी और सीईओ (इन्वेस्टमेंट बैंकिंग) सोनिया दासगुप्ता ने ET को बताया कि सितंबर में आने वाले IPO की लाइन दिखाती है कि भारतीय शेयर बाजार कितना मजबूत है। यह इस बात का भी संकेत है कि कंपनियों के मन में जो हिचक थी, वह अब दूर हो रही है।

इसी साल अप्रैल में सेबी ने उन कंपनियों को एक बार की छूट दी थी, जिनके IPO की मंजूरी 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच खत्म होने वाली थी। उन्हें इस मंजूरी का इस्तेमाल 30 सितंबर तक करने की इजाजत दी गई है।