Four Arrested In Three Cyber Fraud Cases Over 4 Lakhs Defrauded In The Name Of Solar Panels Money Also Siphoned From Bank Accounts
साइबर ठगी के तीन मामलों में चार गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, एक मामले में सोलर पैनल लगाने के नाम पर 4 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की गई थी, जबकि अन्य मामलों में बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम ट्रांसफर की गई। पहले मामले में शिकायतकर्ता घर पर सोलर पैनल लगवाने के लिए ऑनलाइन सर्च कर रहा था। इसी दौरान अमन कुमार निवासी विश्वकर्मा नगर, झिलमिल कॉलोनी, दिल्ली से संपर्क हुआ। आरोप है कि अमन ने 4 लाख 47 हजार 888 रुपये लेने के बाद सोलर पैनल नहीं लगाया। उसने ठगी की रकम अपनी बहन के बैंक खाते में जमा कराई थी, जिसमें उसका मोबाइल नंबर पंजीकृत था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।दूसरे मामले में एक महिला ने शिकायत दी कि 24 जुलाई को उसका फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से 1 लाख 13 हजार रुपये निकल गए। जांच में 93 हजार रुपये मनोज निवासी नागौर, राजस्थान के खाते में पहुंचने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। तीसरे मामले में सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति के खाते से 22 अगस्त को 89 हजार 900 रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस ने आकाश माहौर और आशुतोष रतनाकर, दोनों निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आशुतोष ने आकाश का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।