n NBT न्यूज, रेवाड़ी: साइबर थाना पुलिस ने बीते जून माह में एक व्यक्ति से हैफेड में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.60 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सहारनवास निवासी पवन उर्फ पोंडी के रूप में हुई है।
गांव ऊंचा निवासी प्रेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 17 जून को उन्हें एक व्यक्ति ने कॉल कर कहा कि वह उनके बेटे की हैफेड में नौकरी लगवा देगा। उसने बताया कि उसका नाम पवन पटवारी है, वह गांव में लाल डोरा की पैमाइश कराने आया था। उसने नौकरी लगवाने के बदले 5 लाख रुपये मांगे। पीड़ित ने भरोसा कर खुद व अपने दो भाइयों के अकाउंट से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 2.60 लाख रुपये उसके बताए गए अकाउंट नंबर पर ट्रांसफर कर दिए थे।