दो चरणों में बनेगी डबल डेकर एलिवेटेड रोड

नवभारतटाइम्स.कॉम
double decker elevated road to be built in two phases in greater noida traffic system to improve
n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ग्रेटर नोएडा अथाॅरिटी के बोर्ड ने गुरुवार को कई अहम फैसले लिए। ग्रेनो वेस्ट में एक मूर्ति गोल चक्कर से क्रॉसिंग रिपब्लिक में शाहबेरी नाले के निकट तक डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। यहां से आगे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को कनेक्ट करने के लिए सिंगल एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। इसे दो चरणों में बनाने पर मुहर लग गई है। एनएचएआई इसे बनाएगा। वहीं डिपो मेट्रो स्टेशन के पास से 105 मीटर चौड़ी सड़क को न्यू नोएडा इलाके में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। ये नया रोड बनेगा, जिससे ग्रेटर नोएडा के लोग न्यू नोएडा और बील टोल प्लाजा के निकट से सीधे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पहुंच सकेंगे। वहीं रिठौरी के निकट रेलवे लाइन पर फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा।
डिपो स्टेशन से न्यू नोएडा तक नया रोड: शहर में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए डिपो मेट्रो स्टेशन से 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से न्यू नोएडा इलाके में जोड़ा जाएगा। फेस-1 में इस सड़क का करीब छह किमी हिस्सा पहले ही बन चुका है। अब फेस-2 में डिपो मेट्रो स्टेशन के निकट से ईस्टर्न पेरिफेरल तक करीब 12 किमी सड़क का निर्माण होना है।