Maharashtra Attracts Over 300 Billion Investment In Data Centers Holding 66 Of Indias Capacity
‘महाराष्ट्र में डेटा सेंटर्स में 300 अरब डॉलर से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव’
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के निवेश और रणनीति मामलों के मुख्य सलाहकार कौस्तुभ धवसे ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र को डेटा सेंटरों में 300 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश प्रस्ताव मिला है और अभी भारत की कुल डेटा सेंटर क्षमता का 66 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र में है। नारेडको रियल एस्टेट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टर्स समिट 2026' में बोलते हुए धवसे ने कहा कि 2032 तक राज्य में डेटा सेंटर की क्षमता 5.7 गीगावाट (GW) हो जाएगी। डेटा सेंटरों के लिए दो बुनियादी चीजों, बिजली और पानी की जरूरत का लाभ महाराष्ट्र पूरी तत्परता से उठा रहा है।
धवसे ने कहा कि महाराष्ट्र ने 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनने का लक्ष्य रखा है। इस बीच, नरेडको इंडिया के चेयरमैन निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि रियल एस्टेट सेक्टर बड़े बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, शहरीकरण और नए ग्रोथ सेंटर के उभरने से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि मुंबई 3.0 मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र को नया रूप देने का एक बड़ा मौका है, जिसमें बेहतर कनेक्टिविटी रिहायशी, कमर्शियल, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर जैसी उभरती एसेट क्लास में नई संभावनाएं खोल रही है। हीरानंदानी ने कहा कि संगठन ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से संपर्क किया है और मांग की है कि 25-50 एकड़ से ज्यादा में फैले टाउनशिप को इंफ्रास्ट्रक्चर का दर्जा दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल रियल एस्टेट सेक्टर में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, उन्होंने किफायती घरों (अफोर्डेबल हाउसिंग) को लेकर चिंता जताई और कहा कि पिछले दो सालों में इसमें 20 प्रतिशत की गिरावट आई है।रेमंड रियल्टी के चेयरमैन गौतम सिंघानिया ने कहा कि भारत का रियल एस्टेट सेक्टर 2047 तक 10 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में देश के बदलाव का केंद्र है। उन्होंने कहा, ‘यह सेक्टर पहले से ही GDP में 7 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान दे रहा है, और इंफ्रास्ट्रक्चर-आधारित ग्रोथ मुंबई और MMR का कायाकल्प कर रही है। नरेडको महाराष्ट्र के प्रेसिडेंट कमलेश ठाकुर ने कहा कि रीडेवलपमेंट से ऐसी कम्युनिटीज बननी चाहिए जो पूरी तरह से रहने लायक हों।