Noida Rs 2 Crore Fraud With Us Citizens Fake Call Center Busted 3 Arrested
अमेरिकी नागरिकों से 2 करोड़ की ठगी, फर्ज़ी कॉल सेंटर का खुलासा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दर पर तत्काल लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का सेक्टर-142 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-138 स्थित प्लॉट नंबर-54 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नौ कंप्यूटर, राउटर और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह पिछले करीब छह महीने में दो हजार से अधिक अमेरिकी नागरिकों से दो करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर चुका है। पुलिस अब गिरोह को डेटा उपलब्ध कराने और ठगी की रकम खपाने वाले चाइनीज वेंडरों की तलाश कर रही है।डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहमदाबाद निवासी मंसूरी राशिद, माउंट आबू निवासी तरुण मिश्रा और कर्नाटक निवासी चंद्रकांत के रूप में हुई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कॉल सेंटर में छापा मारकर तीनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टेलीग्राम के जरिए चाइनीज वेंडरों से अमेरिकी नागरिकों का मोबाइल डेटा खरीदते थे। भुगतान यूएसडीटी में किया जाता था। इसके बाद खराब सिबिल स्कोर के बावजूद लोन दिलाने का झांसा देकर फोन किया जाता था। भरोसा जीतने के लिए फर्जी लोन सेंक्शन लेटर भेजते और फिर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 50 से 200 डॉलर के वाउचर खरीदवाते थे। ये वाउचर चाइनीज वेंडरों को भेजे जाते थे। पुलिस के अनुसार वेंडर ठगी की रकम में से आरोपियों को 30 से 40 प्रतिशत कमीशन यूएसडीटी में देते थे।