Belgium Pm Advocates For Zero tax Trade With India Special Emphasis On Diamond Trade
बेल्जियम के PM का भारत संग जीरो टैक्स व्यापार की वकालत
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, मुंबई: बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने शुक्रवार को भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच कारोबार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न वस्तुओं पर आयात शुल्क को और घटाकर शून्य करने की संभावना पर विचार करने की वकालत की। उन्होंने हीरा क्षेत्र में द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने पर विशेष बल दिया। भारत यात्रा पर आए डी वेवर ने यहां 'भारत डायमंड बोर्स' (BDB) में अपने संबोधन में कहा कि भारत और 27 सदस्य देशों वाले समूह ईयू को जनवरी में हुए 'ऐतिहासिक' FTA तक पहुंचने में दो दशक लगे। इस समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने और अगले साल इसके लागू होने की संभावना है।
इस अवसर पर BDB के अध्यक्ष अनूप मेहता ने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल व्यापारिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं। गुजरात समेत भारत के कई हीरा कारोबारी बेल्जियम के प्रमुख हीरा व्यापार केंद्र एंटवर्प को अपना घर बना चुके हैं। GJEPC के अध्यक्ष किरीट भंसाली ने कहा कि भारत-बेल्जियम के बीच रत्न एवं आभूषण कारोबार 2025-26 में करीब 3.5 अरब डॉलर का था। भारत में तराशे और पॉलिश किए जाने वाले करोड़ों हीरों में से कई का कारोबार एंटवर्प के जरिए होता है। उन्होंने कहा, ‘ये केवल आंकड़े नहीं हैं। ये कारोबार, आजीविका और भारत में परिवारों को सहारा देने वाले 50 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो इस वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जुड़े हैं।’