हाइब्रिड की एंट्री, डीजल पर भी भरोसा कायम

Contributed bykhalid.amin,नई दिल्ली|नवभारतटाइम्स.कॉम
हाइब्रिड की एंट्री, डीजल पर भी भरोसा कायम
नई दिल्ली: भारत में बड़ी SUV के मार्केट में हमेशा से डीजल की ही बादशाहत रही है। हालांकि कुछ कंपनियां अब डीजल को पूरी तरह से छोड़कर हाइब्रिड पर ही दांव लगा रही हैं। लेकिन इस सबके बीच किआ इंडिया ने ‘हाइब्रिड पर दांव लगाओ, डीजल को भी मत छोड़ो’ की पॉलिसी पर चलते हुए शुक्रवार को भारत में अपनी 7 सीटर एसयूवी सोरेंटो (Sorento) को डीजल के साथ-साथ हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ भी उतार दिया है।

सोरेंटो की शुरुआती कीमत डीजल के लिए 27.99 लाख रुपये और हाइब्रिड के लिए 29.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यानी हाइब्रिड के लिए शुरुआती प्रीमियम सिर्फ 1.50 लाख रुपये है। यह अंतर इसलिए अहम है क्योंकि कंपनी हाइब्रिड को केवल बेहद महंगी टेक्नोलॉजी के तौर पर पेश करने के बजाय उसे उसी SUV के पारंपरिक डीजल विकल्प के करीब रख रही है।
सोरेंटो भारत में किआ की पहली हाइब्रिड कार है। इसमें 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 65 PS की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जबकि दूसरा विकल्प 2.2 लीटर डीजल इंजन का है। दोनों पावरट्रेन के साथ AWD का विकल्प भी है और कंपनी के मुताबिक सोरेंटो अपने सेगमेंट की पहली SUV है जिसमें हाइब्रिड के साथ AWD दिया गया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत ऐसी रखी है कि ये एक साथ महिंद्रा XUV 7XO के टॉप वेरिएंट और टोयोटा फॉर्चुनर के शुरुआती मॉडल्स से मुकाबला करेगी। हालांकि कीमत के लिहाज से इसकी पोजिशनिंग इन दोनों सेगमेंट के बीच रहेगी। लोकल मैन्युफैक्चरिंग के दम पर किआ ने इसकी कीमत को काफी कम रखने में सफलता हासिल की है।

इसकी सबसे बड़ी यूएसपी इस लंबी फीचर लिस्ट रहने वाली है। इसमें AWD, सेकंड-रो वेंटिलेटेड सीट्स, Bose 12-स्पीकर सिस्टम, किआ AI असिस्टेंट, ADAS Level 2+ के 30 फीचर्स, 360-डिग्री कैमरा, डिजिटल Key 2.0 रिमोट स्मार्ट पार्किंग असिस्ट जैसे यूनीक फीचर्स मिलेंगे।