हफ्तेभर में चीनी के औसत खुदरा भाव में 2 रुपये/किलो की आई गिरावट

नवभारत टाइम्स
हफ्तेभर में चीनी के औसत खुदरा भाव में 2 रुपये/किलो की आई गिरावट
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : सरकार ने रॉ शुगर के ड्यूटी फ्री इंपोर्ट के लिए चीनी मिलों की ओर से आवेदन दिए जाने की समय सीमा बढ़ाकर 7 सितंबर कर दी है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया कि अडवांस्ड ऑथराइजेशन को टैरिफ रेट कोटा में बदलने के आवेदन इस समय सीमा के भीतर दिए जा सकते हैं। इस बीच, हफ्तेभर में चीनी का औसत खुदरा भाव राष्ट्रीय स्तर पर 2 रुपये/किलो घटा है।

चीनी की बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के उपायों के तहत इससे पहले 20 अगस्त को कॉमर्स मिनिस्ट्री ने टैरिफ रेट कोटा स्कीम के तहत 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन रॉ शुगर के ड्यूटी फ्री इंपोर्ट की इजाजत दी थी। इसी हफ्ते डीजीएफटी ने इस 10 लाख टन में से बचे हुए करीब 2 लाख टन के हिस्से के लिए नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए थे। अब आवेदन करने की सीमा भी बढ़ा दी गई है।
इस बीच, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर पर चीनी का खुदरा भाव 61.93 रुपये प्रति किलोग्राम था। यह हफ्ता भर पहले के 64.10 रुपये प्रति किलो से 2 रुपये घटा है। हालांकि महीनाभर पहले के 49.71 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से मौजूदा भाव अभी करीब 25% ऊपर है।

सरकार और शुगर इंडस्ट्री के संगठन ISMA ने कहा है कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है।