Nses 30 Thousand Crore Ipo Approved Heading Towards Indias Largest Ipo
NSE के 30 हज़ार करोड़ के IPO को मिली मंज़ूरी
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, मुंबई
नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को अपने लंबे समय से प्रतीक्षित 30,000 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए रेगुलेटर की मंजूरी मिल गई है। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। बाजार नियामक सेबी की वेबसाइट पर शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, उसने दुनिया के सबसे बड़े डेरिवेटिव एक्सचेंज को ऑब्जर्वेशन लेटर जारी कर दिया है। इसका मतलब है कि एक्सचेंज अब IPO के साथ आगे बढ़ सकता है।सूत्रों के मुताबिक, यह पब्लिक इश्यू 15 सितंबर को लॉन्च हो सकता है और 24-25 सितंबर तक इसकी लिस्टिंग हो सकती है। कंपनी की कोशिश है कि 26 सितंबर को पितृ पक्ष शुरू होने से पहले लिस्टिंग का काम पूरा कर लिया जाए। करीब एक दशक की देरी के बाद आ रहा यह IPO NSE को मार्केट वैल्यू के हिसाब से भारत की 10 सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट में शामिल कर देगा। बाजार के जानकारों का मानना है कि एक शेयर की कीमत करीब 2,000 रुपये के आसपास रखी जा सकती है।
NSE के 14.89 करोड़ शेयरों का यह IPO, मुकेश अंबानी की डिजिटल कंपनी जियो प्लैटफॉर्म्स के IPO के साथ सबसे बड़े IPO के टैग के लिए मुकाबला करेगा। जियो का IPO करीब 37,700 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है। हालांकि इसके आने का समय अभी तय नहीं है।
NSE का यह IPO साल 2024 में आए Hyundai मोटर इंडिया (27,858.75 करोड़) और 2022 में आए LIC (20,557.23 करोड़ रुपये) के IPO को भी पीछे छोड़ देगा। यह पेटीएम (18,300 करोड़), टाटा कैपिटल (15,511.87 करोड़ रुपये) और कोल इंडिया (15,200 करोड़ रुपये) की लिस्टिंग से भी कहीं बड़ा होगा। NSE की लिस्टिंग साल 2016 से ही कानूनी और रेगुलेटरी उलझनों की वजह से रुकी हुई थी।
चार दिनों की गिरावट पर ब्रेक
शेयर बाजार में पिछले चार दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को ब्रेक लग गया। सेंसेक्स 362.57 अंक (0.48%) बढ़कर 76,515.43 पर बंद हुआ। एक समय यह 730.28 अंक तक उछलकर 76,883.14 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था। निफ्टी में मामूली बढ़त देखी गई। यह 24.25 अंक (0.10%) बढ़कर 23,897.70 पर बंद हुआ।सेक्टरों की बात करें तो मेटल इंडेक्स सबसे ज्यादा 1.42% चढ़ा।