घर में घुसकर गहने व 3 फोन पार, किरायेदार का घर भी साफ

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad housebreak in lakhs worth of jewelry and 3 phones stolen tenants house also ransacked
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक मकान को निशाना बनाया और लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। गली नंबर-14 निवासी घनश्याम यादव ने पुलिस को बताया कि वे पिछले 32 वर्षों से इस मकान में रह रहे हैं। 2 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, तभी तड़के 3:30 से 4:30 बजे के बीच चोरों ने घर में प्रवेश किया। चोरों ने गोदरेज की अलमारी का ताला खोलकर एक तोला सोने की चेन, कान की बालियां और नोज पिन चोरी कर ली। साथ ही घर में रखा एक मोबाइल और 10 हजार रुपये नकद भी ले उड़े।
चोरों की ढिठाई का आलम यह था कि उन्होंने मकान मालिक के साथ-साथ किरायेदार श्याम सुंदर के कमरे को भी नहीं बख्शा। किरायेदार के कमरे से चोरों ने दो मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात का पता तब चला जब घर की महिला सदस्य ने शोर मचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बसेलवा कॉलोनी की संकरी गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात के पीछे किसी स्थानीय गिरोह का हाथ हो सकता है जो रात के समय सूने या खुले रास्तों वाले घरों की रेकी करते हैं।