Mysterious Death Of Leopard In Aravalli Questions Raised On Wildlife Security
तेंदुए की रहस्यमयी हालात में मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
अरावली में एक बार फिर वन्यजीव की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। नूंह के पलड़ी गांव में शुक्रवार सुबह करीब तीन साल के तेंदुए का शव मिलने से हड़कंप मच गया। तेंदुए का शव गांव के कब्रिस्तान के पास अरावली की तलहटी में पड़ा मिला। सूचना पर वन्य जीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।तेंदुए के शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला है। इस बीच सांप के काटने से तेंदुए की मौत की आशंका भी जताई गई है। जानकारी के अनुसार, सुबह गांव की एक महिला कब्रिस्तान के पास गई थी। इसी दौरान उसकी नजर तेंदुए के शव पर पड़ी। महिला ने ग्रामीणों को जानकारी दी, जिसके बाद विभाग को सूचना दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ करीब तीन वर्ष का था और स्वस्थ दिखाई दे रहा था। विभाग फिलहाल मौत के कारणों की जांच कर रहा है। वहीं, किसी जहरीले जीव के काटने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा, हालांकि, पुष्टि नहीं हुई है।