Center Takes Action Against 15 Crypto related Entities Pmla Rule Violation Public Access Blocked
केंद्र ने क्रिप्टो से जुड़ी 15 इकाइयों पर लिया ऐक्शन
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : फाइनैंशल इंटेलिजेंस यूनिट-इंडिया ने काले धन पर काबू पाने से जुड़े कानून का पालन नहीं करने के मामले में 15 वर्चुअल डिजिटल असेट्स सर्विस प्रोवाइडर्स को नोटिस जारी किए। FIU ने उन्हें यह व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया कि पब्लिक उनके एप्लिकेशंस का इस्तेमाल न कर सके। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के सेक्शन 13 के तहत नियमों का पालन नहीं करने वाली इकाइयों को FIU ने नोटिस जारी किए हैं। जिन इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें वीक्स ( Weex) इंटरनैशनल एक्सचेंज, BLF ग्लोबल, बिटुनिक्स LLC, डिजिफिनेक्स लिमिटेड, होपफुल टेक्नॉलजी लिमिटेड, वूटेक लिमिटेड और फिनसेवेन CZ शामिल हैं।मंत्रालय ने कहा, 'चूंकि ये इकाइयां भारत में PMLA के प्रावधानों के अनुसार काम करती नहीं पाई गईं, लिहाजा FIU-IND के डायरेक्टर ने यह निर्देश भी दिया है कि ये इकाइयां अपने एप्लिकेशन/URL को पब्लिक एक्सेस से हटा लें।'