Couples Bodies Found Hanging In Guest House Marriage Certificate And Suicide Note Recovered
फंदे से लटके मिले प्रेमीयुगल के शव, मैरिज सर्टिफिकेट बरामद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ
चिनहट में देवा रोड स्थित धावा गांव के 'रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस' में बुधवार को प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके मिले। दोनों करीब 17 दिनों से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे से एक सुइसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने परिवारीजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद परिवार के विरोध और लगातार बन रहे दबाव के चलते दोनों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।चिनहट पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान हरदोई के हरपालपुर निवासी अमित कुमार (22) और युवती की पहचान हरदोई के ही पालिया पंचशाला निवासी नरगिस (19) के रूप में हुई है। दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरे में रुके हुए थे। बुधवार को जब संचालक को कमरे में दोनों के फंदे से लटके होने की जानकारी हुई, तो उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मर्चरी भिजवाया।
सुइसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट की होगी जांच
छानबीन के दौरान कमरे से सुइसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट मिला है। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि शादी को लेकर परिवारीजनों की रजामंदी न होने से दोनों गहरे तनाव में थे। इसी वजह से उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस सुइसाइड नोट और मैरिज सर्टिफिकेट के साथ-साथ मृतकों के मोबाइल फोन व अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों के परिवारों से भी संपर्क साधा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
डीसीपी ईस्ट डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।