शहर के सेक्टर-52 एरिया में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय निवासी परेशान हैं। सेक्टर की RWA ने इस समस्या को लेकर नगर निगम गुड़गांव (MCG) से कार्रवाई करने की मांग की है। RWA का कहना है कि सेक्टर में कई जगहों पर आवारा पशुओं के झुंड लगातार देखे जा रहे हैं। इसके कारण सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन पशुओं की वजह से हादसे का खतरा बना रहता है।RWA की ओर से नगर निगम को भेजी गई शिकायत में बताया गया है कि सुबह के समय सेंट्रल पार्क के सामने स्थित खाली प्लॉट में बड़ी संख्या में आवारा पशुओं का जमावड़ा लगता है। RWA के पदाधिकारियों के अनुसार, सेक्टर में ऐसे करीब 10 स्थान हैं, जहां अक्सर आवारा पशुओं के झुंड नजर आते हैं। सोसायटी निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर निगम के अधिकारियों से पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। आवारा पशुओं की संख्या कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। RWA ने नगर निगम से संबंधित टीम को मौके पर भेजकर आवारा पशुओं को हटाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।