Make Universities colleges Nodal For De addiction Higher Education Minister Yogendra Upadhyay
नशामुक्ति को विवि-कॉलेज में बनाएं नोडल: योगेंद्र
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उच्च शिक्षण संस्थाओं में नशा मुक्ति अभियान की निगरानी के लिए हर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय एवं फैकल्टी स्तर पर भी नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने संस्थाओं में पहले से करवाए गए निरीक्षणों और जांचों की रिपोर्ट भी विभाग को उपलब्ध करवाने को कहा है।
शासन एवं विवि के अधिकारियों संग बैठक में मंत्री ने कहा कि क्लास शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की संक्षिप्त शपथ दिलवाई जाए। प्रतिदिन आधा से एक मिनट की शपथ का विद्यार्थियों के मन पर सकारात्मक मानसिक प्रभाव पड़ेगा। हर सप्ताह कम से कम एक बार नशे के दुष्प्रभावों और नशा न करने के सकारात्मक प्रभावों पर शिक्षकों द्वारा संक्षिप्त व्याख्यान दिया जाए। इसके लिए सप्ताह का एक दिन निर्धारित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार संवाद और जागरूकता से विद्यार्थियों में नशे के प्रति दृढ़ नकारात्मक सोच विकसित होगी।छात्रावासों की नियमित निगरानी करें : मंत्री ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्त जीवन के लाभों पर निबंध लेखन, कहानी, चित्रकला, पोस्टर एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। हर प्रत्येक फैकल्टी या विभाग के स्तर पर भी सीमित अवधि की पदयात्रा आयोजित की जा सकती है, जिससे विद्यार्थियों में जागरूकता का निरंतर वातावरण बने। छात्रावासों में नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाएं।