स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, कई अस्पताल संचालक फरार

नवभारतटाइम्स.कॉम
स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, कई अस्पताल संचालक फरार
nNBT न्यूज, बीकेटी : इटौंजा क्षेत्र में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ छापेमारी की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई अस्पताल संचालक ताला लगाकर फरार हो गए। सीएचसी पर तैनात डॉक्टर सचिन के नेतृत्व में टीम ने अमानीगंज स्थित कार्तिक क्लिनिक की जांच की। यहां कोई मौजूद नहीं मिला। टीम ने नोटिस चस्पा कर अस्पताल बंद करने के निर्देश दिए। इसके बाद अमानीगंज जन सेवा केंद्र की जांच की गई। संचालक डॉ. जावेद हसन मौजूद नहीं थे और एक कर्मचारी अस्पताल चला रहा था। उसे नोटिस देकर दो दिन में जवाब मांगा गया।

टीम आकाश क्लिनिक पहुंची तो डॉ. रंजन लाल मौजूद थे और अस्पताल में मरीज भर्ती मिले। एक मरीज को ग्लूकोज के साथ दवाएं दी जा रही थीं। परिसर में मेडिकल स्टोर भी संचालित मिला। स्वास्थ्य टीम के मुताबिक, अस्पताल के पास संचालन का लाइसेंस नहीं था। संचालक को नोटिस देकर दो दिन में सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। डॉ. सचिन ने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अस्पतालों को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।