5,000 करोड़ घट सकता है NSE के IPO का साइज

नवभारत टाइम्स
5,000 करोड़ घट सकता है NSE के IPO का साइज
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) अपने बहुप्रतीक्षित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) का साइज 30,000 करोड़ रुपये से घटाकर करीब 24,000-25,000 करोड़ रुपये करने पर विचार कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि कुछ शेयरधारकों के बिक्री से पीछे हटने के कारण पहले प्रस्तावित 6 प्रतिशत के मुकाबले बिक्री पेशकश (OFS) का आकार घटकर 5.2-5.5 प्रतिशत रह सकता है। इसका प्राइस बैंड करीब 1,750 रुपये हो सकता है।
ET के मुताबिक, 30,000 करोड़ रुपये के साइज के साथ NSE का IPO भारत में अब तक का सबसे बड़ा IPO बनने वाला था। यह अक्टूबर 2024 में आए Hyundai मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के IPO को पीछे छोड़ देता। अगर एक्सचेंज IPO का साइज घटाता है, तो भारत के सबसे बड़े IPO का टैग फिलहाल Hyundai के पास ही रहेगा जब तक जियो प्लैटफॉर्म्स अपना प्रस्तावित 37,000 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च न कर दे। उम्मीद है कि जियो का आईपीओ शायद नवरात्रि या दिवाली के दौरान आ सकता है।

NSE को 4 सितंबर को बाजार नियामक सेबी से IPO आगे बढ़ाने की मंजूरी मिल गई थी। मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने ET को बताया कि NSE 26 सितंबर से शुरू हो रहे पितृ पक्ष से पहले पूरी प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। परंपरा के मुताबिक पितृ पक्ष के दौरान कारोबारी नई लॉन्चिंग, नए काम और बड़ी खरीदारी से बचते हैं।