Harish Rawats Big Move After Ed Raid Offers To Step Down From All Congress Organizational Posts
PA पर रेड, हरीश रावत ने की इस्तीफे की पेशकश
नवभारत टाइम्स•
(फोटो- नवभारत टाइम्स)
NBT रिपोर्ट, देहरादून
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने मीडिया में आ रही उन खबरों का पूरी तरह खंडन किया है, जिनमें उनके कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने का दावा किया जा रहा था। हालांकि, अपने तत्कालीन पीए चंदन सिंह जीना के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी और बरामदगी के बाद रावत ने कांग्रेस के अपने सभी संगठनात्मक पदों से हटने की पेशकश है।देहरादून में पूर्व ओएसडी के ठिकाने से कैश और जूलरी बरामद होने की खबरों के बीच हरीश रावत ने अपना बयान जारी कर पूरे मामले पर अपना रुख स्पष्ट किया। हरीश रावत ने कहा कि पूरे प्रकरण की सचाई जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने अपने पूर्व ओएसडी जीना का बचाव करते हुए उन्हें एक सज्जन और कर्मठ व्यक्ति बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि भर्ती में किसी भी तरह की गड़बड़ी के प्रमाण मिलते हैं, तो वह नियमानुसार सख्त कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करते हैं। साथ ही हरीश रावत ने भावुक लहजे में कहा, ‘यदि कोई गलती हुई है, तो मैं इसके लिए उत्तराखंड की जनता से क्षमा मांगता हूं।’
हरीश रावत ने कहा, कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में है। वह तो मेरे साथ ही स्वर्ग में भी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘मैं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की कार्यकारिणी का सदस्य हूं और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) का स्थायी आमंत्रित सदस्य भी हूं। मैं इन दोनों पदों से हटना चाहता हूं, ताकि मेरी वजह से पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी न आए।’
रावत ने कहा कि उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव में बहुत कुछ दांव पर है और उन्हें आशंका है कि उनके एक सहयोगी के घर ईडी की कार्रवाई के जरिए एक विमर्श बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं
क्या है मामला : ED ने शुक्रवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा, 2016 में कथित अनियमितताओं के सिलसिले में देहरादून में कई स्थानों पर तलाशी ली। ED ने रावत के PA के रूप में कार्यरत चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख रुपये की अघोषित नकदी, सोना बरामद करने का दावा किया है।