Uncontrolled Car Hits Bike Civil Engineer Dies Son Critically Injured
बेकाबू कार ने बाइक में मारी टक्कर, इंजिनियर की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, सुशांत गोल्फ सिटी
थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह बेकाबू कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सिविल इंजिनियर अजय सिंह (55) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक इटावा के चंद्रपुरा निवासी अजय सिंह अहिमामऊ में पत्नी संतोष कुमारी, दो बेटों और बेटी के साथ रहते थे और एक निजी कंपनी में सिविल इंजीनियर थे।बेटे राजकमल ने बताया कि उनकी मां संतोष कुमारी की तबीयत खराब होने के कारण तीन दिन से मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। शनिवार सुबह 6:30 बजे उनके पिता अजय सिंह और छोटा भाई अभिषेक बाइक से अस्पताल खाना लेकर जा रहे थे। अर्जुनगंज बाजार के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। अजय और अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भाग गया। काफी देर तक पिता-पुत्र सड़क पर घायल पड़े रहे। एक राहगीर ने एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से अजय को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभिषेक का इलाज चल रहा है। राजकमल के मुताबिक कार पर ‘भारत सरकार’ और ‘एसडीएम’ लिखा था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।