सेमीकॉन इंडिया में आएंगी 300 इंटरनैशनल कंपनियां

नवभारत टाइम्स
semicon india 2026 gathering of 300 international companies india to become semiconductor hub
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली: 17 सितंबर से नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 शुरू हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को सम्मेलन के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 19 सितंबर तक चलेगा।

इस साल सेमीकॉन इंडिया की थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण’ रखी गई है। यानी फोकस सिर्फ चिप बनाने पर नहीं, बल्कि चिप डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और उससे जुड़े पूरे इकोसिस्टम को विकसित करने पर है। आयोजन में 600 से ज्यादा एग्जीबिट शामिल होंगे, जिनमें करीब 300 अंतरराष्ट्रीय कंपनियां होंगी। 40 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा लेंगे। 150 से ज्यादा स्पेशल स्पीकर अपने विचार रखेंगे।
सेमीकंडक्टर की वैश्विक मांग तेजी से बढ़ रही है। 2025 में करीब 796 अरब डॉलर का वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 2030 तक 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा पहुंचने का अनुमान है। भारत में भी चिप की मांग मौजूदा करीब 50 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक 103 अरब डॉलर होने का अनुमान है। ऐसे में सेमीकॉन इंडिया 2026 भारत के लिए सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि निवेश, टेक्नॉलजी ट्रांसफर, वैश्विक कंपनियों के साथ साझेदारी और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाने का बड़ा मंच है। इसका सीधा असर भविष्य में रोजगार, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता पर पड़ सकता है।

एप्लाइड मैटेरियल्स, टेराडाइन, इन्फिनियन, आईबीएम रिसर्च, एनएक्सपी, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, माइक्रोन, लैम रिसर्च, सीजी पावर, टोक्यो इलेक्ट्रॉन समेत दुनिया की कई कंपनियां हिस्सा लेंगी। छह देशों और 12 राज्यों के पवेलियन भी होंगे। करीब 40 स्टार्टअप के लिए अलग पवेलियन रहेगा।

रेकमेंडेड खबरें