nNBT न्यूज, लखनऊ : संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भीतर बदलाव, जागरूकता और सामंजस्य की राह दिखाने का माध्यम है। इसी संदेश के साथ दक्षिण अफ्रीका की गायिका व संगीतकार शशिका मूरुथ ने लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में अपनी खास प्रस्तुति दी। मौका था शनिवार को 11वें ‘वाइटस्वान रिस्पॉन्सिबल आर्ट फेस्टिवल फॉर वर्ल्ड पीस ऐंड सस्टेनेबिलिटी’ के समापन समारोह का।
समारोह में भारतीय शास्त्रीय परंपरा और युवा प्रतिभा का संगम दिखा। कोलकाता के 'देशप्रिय कोलकाता कल्चरल सेंटर' की ओर से सुष्मिता बनर्जी के नेतृत्व में कलाकारों ने सधा हुआ कथक पेश किया। वहीं भातखंडे के विद्यार्थियों ने भी अपनी कथक प्रस्तुति से दर्शकों की वाहवाही बटोरी।उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘पोएट्री फॉर ए बेटर वर्ल्ड’ पैनल रहा। एमिटी विवि के छात्रों ने ‘सस्टेनेबल पहनावा’ शो और रैंप वॉक प्रस्तुत किया।