पॉडकास्ट, म्यूजिक मिक्सिंग और कंपोजिशन सीखेंगे छात्र

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
nNBT न्यूज, लखनऊ: शास्त्रीय संगीत और कलाओं की शिक्षा को डिजिटल दौर की जरूरतों से जोड़ते हुए भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय नए सत्र से विद्यार्थियों के लिए कई नई पहल शुरू कर रहा है। इस क्रम में विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक साउंड एवं रिकॉर्डिंग स्टूडियो बनाने की तैयारी है। यहां छात्र संगीत की शिक्षा के साथ रिकॉर्डिंग, ऑडियो मिक्सिंग और डिजिटल कंटेंट तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी ले सकेंगे।विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने बताया कि काकराबाद में विश्वविद्यालय का नया परिसर विकसित किया जा रहा है। नया परिसर तैयार होने के बाद सभी सैद्धांतिक कक्षाएं वहीं संचालित होंगी, जबकि वर्तमान परिसर को प्रयोगात्मक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए विकसित किया जाएगा। इसी के तहत यहां अत्याधुनिक रिकॉर्डिंग स्टूडियो स्थापित किया जाएगा। विश्वविद्यालय का लक्ष्य अगले सत्र की शुरुआत से पहले स्टूडियो का निर्माण शुरू करना है।

प्लेबैक सिंगिंग की भी मिलेगी ट्रेनिंग: स्टूडियो में विद्यार्थियों को गायन और वादन के साथ साउंड रिकॉर्डिंग, माइक्रोफोन तकनीक, ऑडियो मिक्सिंग और म्यूजिक कंपोजिशन का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे प्लेबैक सिंगिंग, क्षेत्रीय सिनेमा और इंडी म्यूजिक में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों को पेशेवर माहौल में अभ्यास का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय स्टूडियो के जरिए शास्त्रीय और अर्ध-शास्त्रीय संगीत की नई रचनाओं की रिकॉर्डिंग कर उन्हें सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर प्रसारित करेगा। गायन, वादन और भारतीय नृत्य की परंपराओं पर पॉडकास्ट सीरीज भी शुरू की जाएगी।