सुनीता राव ने खोले 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' गाने से जुड़े राज, फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' पर किया खुलासा
सुनीता राव ने खोले 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' गाने से जुड़े राज, फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' पर किया खुलासा
NewsPoint•
मुंबई, 6 अक्टूबर। 'परी हूं मैं' जैसे हिट गाने की सिंगर सुनीता राव ने मंगलवार को अपने चर्चित गाने 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' को याद किया। यह गाना 1996 में आई फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' का है। इस गाने को कुछ समय तक किसी और गायक के नाम से क्रेडिट दिया गया था, जिसे बाद में सही किया गया। सुनीता ने इंस्टाग्राम पर इसका म्यूजिक वीडियो शेयर किया और इस गाने की रोमांचक कहानी सुनाई।
सुनीता राव ने लिखा, “मेरे Bollywood प्लेबैक इतिहास का एक हॉट हिस्सा।” उन्होंने कहा कि यह गाना 90 के दशक में उनका एक बड़ा हिट था, लेकिन गलती से ये किसी और गायक के नाम किया गया। उन्होंने आगे बताया, "फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' का गाना 'इन द नाइट, नो कंट्रोल' 90 के दशक में मेरी हिट गानों में से एक था लेकिन गलती से इसका क्रेडिट किसी और सिंगर को दिया गया था।" उन्होंने कहा कि यह गाना रेखा और अक्षय कुमार पर फिल्माया गया था। यह गाना टिप्स म्यूजिक ने रिलीज किया था, और इसके कंपोजर अनु मलिक उस समय अपने बेहतरीन दौर में थे। सुनीता ने कहा, “उस समय दोनों एक्टर्स की केमिस्ट्री ने स्क्रीन पर धमाल मचा दिया था।”
सुनीता राव ने ये भी बताया कि शर्ली सिंह और उनकी एमआरएम म्यूजिक राइट्स कंपनी की मेहनत से यह गलती ठीक की गई। अब गाने के क्रेडिट लाइन में उनका नाम सही तरीके से लिखा गया है। उन्होंने कहा, "शाबाश और धन्यवाद! यूट्यूब पर यह गाना देखें, यह काफी मजेदार है।"
फिल्म 'खिलाड़ियों के खिलाड़ी' में रवीना टंडन भी थीं। इसके अलावा, पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ रेसलर्स ब्रायन एडम्स (क्रश) और ब्रायन ली (द अंडरटेकर) भी इस फिल्म का हिस्सा थे। यह फिल्म 1996 की 5वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। फिल्म की कहानी अक्षय के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गुमशुदा भाई की तलाश में माया नाम की एक गैंगस्टर के गैंग से जुड़ जाता है। उसे अपनी शारीरिक ताकत साबित करनी होती है और एक रेसलिंग मैच में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराना होता है।