रकुलप्रीत सिंह का जन्मदिन: पति जैकी भगनानी ने दी दिल छू लेने वाली शुभकामनाएं

NewsPoint•
Navbharat Times
मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर उनके पति और प्रोड्यूसर जैकी भगनानी ने उन्हें दिल छू लेने वाली बधाई दी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर रकुल के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं और लिखा, "तुम्हे देखकर आज भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाता, सोचता हूं कि मैं कितना खुशकिस्मत हूं। मेरी ताकत, मेरी सबसे बड़ी सपोर्टर और मेरी जिंदगी के प्यार को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। तुम्हारी गर्मजोशी, तुम्हारी कभी खत्म न होने वाली एनर्जी और हमारे घर को सबसे खुशहाल जगह बनाने के लिए शुक्रिया। चलो, एक और साल साथ में सपने पूरे करते हैं और ढेर सारी खूबसूरत यादें बनाते हैं। आई लव यू।" जैकी के इस पोस्ट के बाद रकुल के दोस्त और फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं।

रकुलप्रीत सिंह भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं। वे साउथ और हिंदी सिनेमा में सक्रिय हैं। रकुल ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। उन्होंने 2009 में कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद, 2011 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहाँ वह पांचवें स्थान पर रहीं। यह प्रतियोगिता ही उनके लिए बॉलीवुड में प्रवेश का रास्ता बनी।
रकुल ने तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी काम किया और अपने अभिनय के जरिए पहचान बनाई। 2014 में उन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'यारियां' से अपने करियर की शुरुआत की, जिसमें उनके साथ अभिनेता हिमांश कोहली थे। इसके बाद रकुल ने 'अय्यारी', 'दे दे प्यार दे', 'मरजावां', 'छतरीवाली', और साउथ की फिल्म 'ध्रुवा' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया। उन्होंने हाल ही में फिल्म 'मेरे हसबैंड की बीवी' में भी अभिनय किया।

रकुल और जैकी भगनानी ने 21 फरवरी 2024 को गोवा में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। यह जोड़ा अपनी गहरी केमिस्ट्री और एक-दूसरे के प्रति प्रेम के लिए हमेशा चर्चा में रहता है। रकुल का जन्मदिन मनाने के इस खास मौके पर उनके पति द्वारा दी गई शुभकामनाएं और प्यार ने इस दिन को और भी खास बना दिया है।

रेकमेंडेड खबरें