n NBT न्यूज, फरीदाबाद : दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक रोड को केजीपी एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली बल्लभगढ़-मोहना रोड पर भरे हुए पानी को निकाल दिया गया है। इसके साथ ही वहां पर बने गड्ढे को भी फिलहाल भर दिया गया है। पानी भरने व गड्ढा होने यहां पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। बता दें कि बल्लभगढ़ -मोहना रोड को हाल ही में फोरलेन करने का काम पूरा किया गया है। इसके बाद भी सड़क पर कई तरह की अव्यवस्थाएं बनी हुई है। रोड से साथ ड्रेन बनाई गई है, लेकिन ड्रेन में हर समय पानी जमा रहता है, जिससे कई बार पानी सड़क पर भी आ जाता है। गांव मच्छगर में अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास सड़क पर पिछले कई दिनों से पानी भरा हुआ था, जिससे यहां पर सड़क में गड्ढा हो गया था। पिछले एक सप्ताह से यहां पर पानी भरा हुआ था और गड्ढा होने यहां पर दो कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके साथ ही एक ईंटों से भरा ट्रैक्टर भी पलट गया था। इससे ट्रैफिक थोड़ा स्मूथ हो गया है। हरियाणा स्टेट रोड एंड ब्रिज डिवेलपमेंट काॅरपोरेशन के डीजीएम सचिन के अनुसार सड़क के गड्ढे को फिलहाल भर दिया गया है।

