NOC ले चुके कई स्विमिंग पूल पर नहीं मिले लाइफ गार्ड

नवभारतटाइम्स.कॉम

खेल विभाग ने ग्रेटर नोएडा के स्विमिंग पूल और जिम का औचक निरीक्षण किया। कई सोसायटियों और क्लबों के पूल में लाइफ गार्ड नहीं मिले, जबकि उन्हें एनओसी मिल चुकी थी। जेपी रिजॉर्ट एंड स्पा और जेपी ग्रीन्स सोसायटी में लाइफ गार्ड अनुपस्थित पाए गए। जेपी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में लाइफ गार्ड कोचिंग दे रहे थे, जो अधिकृत नहीं था।

no lifeguards in greater noida swimming pools questions raised on noc

n NBT न्यूज,ग्रेटर नोएडा

खेल विभाग के अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसायटियों, क्लब और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे स्विमिंग पूल व जिम में व्यवस्थाओं की जांच के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों को एनओसी पाने वाले पूलों में खामियां मिलीं। ये खामियां एनओसी लेने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। इन पूल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। गलतियों को दुरुस्त नहीं करने पर एनओसी निरस्त करके जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है।

प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ परवेज अली ने बताया कि निरीक्षण में जेपी रिजॉर्ट एंड स्पा, जेपी ग्रीन्स सोसायटी में लाइफ गार्ड ही नहीं मिले। निरीक्षण के समय स्विमिंग पूल संचालित था। दोनों जगह के स्विमिंग पूल को विभाग एनओसी दे चुका है। इसके अलावा जेपी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पूल का निरीक्षण किया गया, तो वहां लाइफ गार्ड कोचिंग कराते नजर आए, जबकि वे कोचिंग कराने के लिए अधिकृत नहीं हैं। साथ ही मौके पर एक भी महिला लाइफ गार्ड नहीं मिली। उन्होंने बताया कि जेपी मैनेजमेंट को एनओसी के बाद भी मौके पर खामियां मिलने पर कड़ी फटकार लगाई और तत्काल नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। साथ ही इस लापरवाही की जांच डिप्टी कलेक्टर करेंगे। इसके अलावा मिक्सन अल्टिमो, गौड़ अतुल्यम, सुपरटेक सीजार, मिक्सन टि्वंस सोसायटी में स्विमिंग पूल की जांच के दौरान महिला लाइफ गार्ड नहीं मिली। इसमें किसी भी संचालकों एनओसी नहीं जारी की गई।

स्कूल के पूल पर नहीं था

सुरक्षा का एक भी मानक

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के रायन इंटरनैशनल स्कूल में सुरक्षा का एक भी मानक नहीं मिला, जबकि एनओसी के लिए दिए गए पेपर में सभी व्यवस्थाओं को पेश किया गया है। अब व्यवस्था पूरी न होने तक एनओसी को रोक दिया जाएगा। इसके अलावा स्विमिंग पूल परिसर में जंग लगा ऑक्सिजन सिलिंडर मिला साथ ही वहां वीलचेयर, स्ट्रेचर, लाइफ जैकेट और कैमरा नहीं मिले। वाईएमसीए में सभी सुविधा दुरूस्त मिली। सभी को नोटिस जारी करते हुए तत्काल व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए।