n NBT न्यूज, नोएडा
शहर में बैसाखी का पावन पर्व मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सुबह से ही दूर-दूर से श्रद्धालु मत्था टेकने के लिए आ रहे थे। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया। लोगों ने नए साल और अच्छी फसल की कामना करते हुए एक-दूसरे को बैसाखी की शुभकामनाएं दीं। गुरुद्वारे के सेवादार रविंद्र ने बताया कि बैसाखी का पर्व किसानों के लिए नई फसल की खुशहाली का प्रतीक है। इसी दिन 1699 में गुरु गोविंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। हर साल बैसाखी के अवसर पर गुरुद्वारे को विशेष रूप से सजाया जाता है और श्रद्धालुओं के लिए पानी व प्रसाद की बेहतर व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष भी दिनभर लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। जगह-जगह पीने के पानी और कड़ा प्रसाद की व्यवस्था की गई। गुरुद्वारे में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। सोसायटियों और सामाजिक संगठनों ने भी बैसाखी पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। पंजाबी विकास मंच ने 13 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर-12 में भव्य बैसाखी महोत्सव आयोजित किया।
सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला सोसायटी में नोएडा पंजाबी समाज ने भी बैसाखी मनाई। यहां पारंपरिक पंजाबी खानपान, गीत-संगीत और गिद्दा-भांगड़ा का आयोजन हुआ।

