n NBT न्यूज़,हथीन : गांव मंडकौला से गुजर रहे कुंडली मानेसर एक्सप्रेस टोल प्लाजा के पास हुई दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हथीन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथीन थाना प्रभारी हरिकिशन के अनुसार रेवाड़ी जिला के कतोपुर गांव निवासी कमल यादव ने शिकायत में कहा है कि उनका भाई शरद यादव रेवाड़ी में निजी प्रतिष्ठान में ड्राइवरी का काम करता था। सोमवार सुबह वह अपनी बाइक से मथुरा जिला में जन्म भूमि मंदिर दर्शन करने के लिए गया था। रात्रि के समय उनके पास अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने फोन पर बताया कि शरद पलवल के सरकारी अस्पताल में घायल हालत में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें शरद की मौत की सूचना मिली। बताया गया कि कुंडली मानेसर एक्सप्रेस वे पर मण्डकौला टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने शरद की बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद शरद के बैग में मिले कागजातों से उंसकी पहचान हुई।पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया और लाश परिजनों को सौंप दी।

