n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सेक्टर-37 स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में सैलरी बढ़ोतरी की मांग को लेकर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी श्रमिकों का हंगामा जारी रहा। सुबह करीब 9 बजे से बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी गेट के बाहर एकत्रित होने लगे और देखते ही देखते प्रदर्शन तेज हो गया। दोपहर करीब 1 बजे तक गेट के बाहर नारेबाजी और विरोध जारी रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा के मद्देनजर वरुण वाहन भी लगाया गया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। श्रमिकों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें जबरन खदेड़ा, जिसमें कुछ महिला कर्मचारी चोटिल हो गईं। हंगामे के दौरान पुलिस ने करीब 40 श्रमिकों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन के जरिए पुलिस लाइन भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में और आक्रोश देखने को मिला। श्रमिकों का कहना है कि वे लंबे समय से सैलरी बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन उनकी बात नहीं सुन रहा। उनकी प्रमुख मांग न्यूनतम 20 हजार रुपये मासिक वेतन करने की है।
फोन जमा कराने के आरोप: श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी गेट पर मोबाइल फोन जमा कराए जा रहे हैं। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है। फैक्ट्री में तीन शिफ्टों में काम होता है और हर शिफ्ट में करीब डेढ़ से दो हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के विरोध में उतरने से उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने किया बल प्रयोग, कई श्रमिक हिरासत में: सुबह 9 बजे के बाद श्रमिकों की संख्या तेजी से बढ़ी और उन्होंने गेट के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया।

