कंपनी मालिकों को किया आगाह, हाइवे जाम करने वालों पर FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल प्रशासन ने महिला श्रमिकों द्वारा हाईवे जाम करने की घटना को गंभीरता से लिया है। कंपनी मालिकों को आगाह किया गया है कि श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन की सूचना तुरंत दें। हाईवे जाम करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

fir against highway blockers administration warns company owners

n NBT न्यूज, पलवल

महिला श्रमिकों द्वारा नैशनल हाइवे को करीब दो घंटे तक जाम करने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। कंपनी मालिकों को समय रहते जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि उच्च अधिकारियों ने भी इस मामले में जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। वहीं, गुड़गांव, नोएडा और फरीदाबाद में श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के संकेत मिलने के बाद पलवल प्रशासन भी सतर्क हो गया है। मंगलवार को पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त बढ़ाई और कंपनी मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें आगाह किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि श्रमिकों के बड़ी संख्या में बाहर निकलने की जानकारी पुलिस और प्रशासन को न देना लापरवाही माना जाएगा। प्रशासन ने कंपनी मालिकों से सवाल किया कि श्रमिकों के उग्र होने की स्थिति में तुरंत पुलिस, श्रम विभाग और जिला प्रशासन को सूचना क्यों नहीं दी गई। साथ ही यह भी पूछा गया कि श्रमिकों की समस्याओं का समय पर समाधान क्यों नहीं किया गया। नैशनल हाइवे जाम करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। इसके अलावा, कंपनी मालिकों से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। मजदूर यूनियन नेताओं को भी चेतावनी दी गई है कि कानून व्यवस्था भंग करने में किसी भी तरह की भूमिका पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त तेज कर दी है और कंपनी प्रबंधन को भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि की तुरंत जानकारी देने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।