100 करोड़ खर्च, फिर भी प्रदूषण से जूझ रहा गुड़गांव : राज बब्बर

नवभारतटाइम्स.कॉम

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज बब्बर ने गुड़गांव में 100 करोड़ रुपये खर्च के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि के बावजूद शहर प्रदूषण से जूझ रहा है। हर मॉनसून में जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या बनी रहती है। उन्होंने सरकार से पूछा कि पैसा कहां खर्च हुआ।

raj babbar questions pollution and waterlogging in gurgaon despite rs 100 crore expenditure

n NBT रिपोर्ट, गुडगांव

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर ने गुड़गांव में प्रदेश सरकार के 100 करोड़ रुपये खर्च करने के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद शहर की गिनती आज भी प्रदूषित शहरों में हो रही है। उन्होंने कहा कि हर मॉनसून में जलभराव, टूटी सड़कों और नालों की सफाई न होने की समस्या जस की तस बनी रहती है, जिससे शहर की हालत बदतर नजर आती है।

राज बब्बर ने यह बात मंगलवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। राज बब्बर ने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि 100 करोड़ रुपये आखिर कहां खर्च हुए, क्योंकि जनता को इसका कोई स्पष्ट लाभ दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक दबाव पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में महंगे घर खरीदने वाले लोग भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में ही शहर जाम हो जाता है, जो खराब योजना का नतीजा है। शहर में जलनिकासी के लिए ठोस उपायों की जरूरत है। साथ ही उन्होंने महंगाई और गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।