छह महीने से आ रहा गंदा पानी, बीमारी का खतरा बढ़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम

एनआईटी-5 के ब्लॉक के निवासी छह माह से गंदे पानी से परेशान हैं। इससे स्वास्थ्य को खतरा है। सीवर जाम, बिजली के तारों का लटकना, गंदगी और आवारा कुत्तों की समस्या भी गंभीर है। पार्क का रखरखाव नहीं हो रहा। नगर निगम को शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।

faridabad dirty water for six months increased risk of disease people also troubled by sewer and electric wires

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एनआईटी-5 स्थित के ब्लॉक के निवासियों का कहना है कि छह महीने से उनके घरों में पानी में मिट्टी मिक्स होकर आ रही है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा ब्लॉक में सीवर, अव्यवस्थित बिजली के तारों की समस्या से जूझना पड़ता है। लोगों का कहना है कि खंभे पर लटके तार से कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है, इस संबंध में कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि नियमित रूप से सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं, जिससे यहां गंदगी फैलती है। लोगों का कहना है कि इलाके में एक पार्क है, जिसमें रखरखाव के लिए कोई नहीं है। इस संबंध में नगर निगम में शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। सेक्टर वासी खुद ही पौधों में पानी डालते हैं। निवासियों ने बताया, यहां पर आवारा कुत्तों की बड़ी समस्या है, जो आए दिन लोगों पर हमला कर देते हैं। यहां पर आए दिन सीवर की लाइन ब्लॉक रहती है, जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। स्ट्रीट लाइटें खराब रहने से परेशानी हाेती है। एनबीटी की ओर से संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बिजली, पानी, आवारा कुत्ते, जलभराव समेत अन्य समस्याओं पर चर्चा की।