n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : पल्ला थाना क्षेत्र के धीरज नगर में चोरों ने एक बंद पड़े मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब घर का पूरा परिवार रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मकान मालिक प्रदीप दुबे ने बताया कि उनका परिवार 16 तारीख को ग्वाॅलियर गया था। उनकी पत्नी और बच्चे पहले ही वहां पहुंच चुके थे, जबकि वह खुद दो दिन बाद निकले। घर कई दिनों से बंद पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शनिवार सुबह जब वह लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी भी तोड़ी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि करीब 60 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का आरोप : बल्लभगढ़ के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में एक घर में काम करने वाली महिला पर लाखों रुपये के जूलरी चोरी करने और बाद में सामान लौटाने से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि महिला ने चोरी कबूलने के बाद उन्हें जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई।

