आर्डी सिटी को मिले बिजली के नए पैनल, बेहतर होगी सप्लाई

नवभारतटाइम्स.कॉम
electricity supply improvement in ardee city new panels to provide relief
n NBT न्यूज, सेक्टर-52

आर्डी सिटी के हजारों निवासियों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से जर्जर बिजली वितरण पैनलों की समस्या झेल रहे लोगों को अब बेहतर बिजली व्यवस्था मिलने की उम्मीद जगी है। सोसायटी निवासियों ने बताया कि सोसायटी में नए डिस्ट्रीब्यूशन पैनल पहुंच गए हैं और जल्द ही इन्हें लगाने का काम शुरू किया जाएगा। इससे बार-बार ट्रिपिंग, फॉल्ट और बिजली कटौती जैसी समस्याओं में कमी आने की संभावना है।
RWA के अनुसार, 2018 में लंबे संघर्ष के बाद बिजली निगम ने आर्डी सिटी की बिजली व्यवस्था को सिंगल पॉइंट कनेक्शन से मल्टी पॉइंट कनेक्शन में बदला था। इसके बाद से ही RWA लगातार पुराने और जर्जर पैनलों को बदलने की मांग कर रही थी। अब निगम के सहयोग से यह मांग पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। हाल ही में ठेकेदार के साथ बैठक के बाद नए पैनल सोसायटी में पहुंच गए हैं और जल्द ही उनका इंस्टॉलेशन शुरू होगा। सोसायटी मीडिया कोऑर्डिनेटर चैताली मंधोत्रा ने कहा कि यह सिर्फ तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि हजारों निवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की शुरुआत है। इसके लिए बिजली निगम के मुख्य अभियंता, एसई, एक्सईएन, एसडीओ, जेई और पूरी इंजीनियरिंग टीम ने सकारात्मक तौर से अपना सहयोग दिया है। नए पैनल लगने के बाद बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित, स्थिर और भरोसेमंद होगी। बार-बार होने वाली बिजली कटौती और ट्रिपिंग से भी राहत मिलने की उम्मीद है।