Bjps Effort To Appease Western Up Gurjars Grand Rally Organized In Dadri
वेस्ट यूपी के गुर्जरों को साधने की सियासी कवायद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
सुधीर कुमार, ग्रेटर नोएडा
विधानसभा चुनाव से पहले दादरी में सोमवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा के जरिये बीजेपी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गुर्जर समाज को साधने की कोशिश की। पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के नेतृत्व में दादरी के आरवी नॉर्थ लैंड कॉलेज में हुई इस सभा को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दादरी से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राजनीतिक संदेश देने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की यहां पहली बड़ी सभा कराकर बीजेपी ने गुर्जर समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया।दादरी लंबे समय से गुर्जर राजनीति का अहम केंद्र रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इससे पहले मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में बड़ी जनसभा कर पश्चिमी यूपी के गुर्जर समाज को साधने की कोशिश कर चुके हैं। ऐसे में बीजेपी की इस सभा को सपा की उस राजनीतिक सक्रियता का जवाब भी माना जा रहा है। पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही संगठन में मिली जिम्मेदारी के जरिये गुर्जर समाज को संदेश देने का प्रयास किया कि भाजपा ने समाज के एक नेता को पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के सामने लंबे समय से गुर्जर समाज की अनदेखी के आरोपों को कम करने और संगठन में समाज की भागीदारी का संदेश देने की कोशिश भी की गई।
मंच पर नेताओं के बीच दिखी दूरी
इस सभा के होने से पहले जिले में बीजेपी दो खेमों में बंटी हुई दिखाई दी। नाराजगी इस कदर थी कि पहले किसी ने प्रोग्राम के बारे में अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर जानकारी तक साझा नहीं की। रविवार देर रात अचानक तमाम नेताओं व संगठन के पदाधिकारियों ने प्रोग्राम की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे तय था। विधायक, सांसद और जिलाध्यक्ष समेत कई प्रमुख नेता करीब दो बजे पहुंचे। नेताओं के देरी से पहुंचने को लेकर कार्यक्रम स्थल पर चर्चा होती रही। प्रदेश अध्यक्ष भी 1:30 बजे के बाद प्रोग्राम स्थल पर पहुंचे। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर पूरे कार्यक्रम की कमान संभाले नजर आए। मंच संचालन से लेकर नेताओं की मौजूदगी, स्वागत व्यवस्था और कार्यक्रम की गतिविधियों तक उनकी सक्रिय भूमिका दिखाई दी। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के दौरान भी मंच पर अधिकतर वही लोग नजर आए, जिनके नाम सुरेंद्र नागर की सूची में बताए गए थे। लोग इसे दादरी विधानसभा क्षेत्र में सुरेंद्र नागर की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को टिकट से जोड़कर भी देख रहे हैं।