Rewari Another Accused Arrested In Youths Murder At Wedding Ceremony Accused Of Supplying Weapons
लग्न समारोह में युवक की हत्या में एक और अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, रेवाड़ी : बीते साल 31 अक्टूबर की रात गांव पीथड़ावास में एक लग्न समारोह के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सीआईए धारूहेड़ा इंचार्ज निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विक्रम सिंह निवासी गांव जड़थल के रूप में हुई है। उस पर वारदात में इस्तेमाल हुई अवैध देसी पिस्टल सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले में दो मुख्य आरोपियों गांव मनेठी निवासी तरुण उर्फ मोनी उर्फ राहुल व गांव जड़थल निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो देसी पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए थे। बीते वर्ष 31 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव पीथड़ावास में तरुण नामक युवक के लग्न समारोह में झगड़ा हुआ है। इस दौरान गांव बधराणा निवासी इंद्रजीत को गोली लग गई थी। घायल अवस्था में उसे रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई पप्पू की शिकायत पर थाना रामपुरा में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था।