सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

नवभारतटाइम्स.कॉम
first monday of sawan flood of devotion in shiva temples chants of har har mahadev echoed
nNBT न्यूज, गुड़गांव

सावन के पहले सोमवार पर शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु जल, दूध, भांग, धतूरा, बेलपत्र और फूल लेकर भगवान शिव की पूजा करने मंदिरों में पहुंचे। पूरे दिन मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे।
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। ऐसे में दर्शन व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए वॉलंटियर्स ने भी कमान संभाली। श्री एसएन सिद्धेश्वर मंदिर के पुजारी लक्ष्मीकांत गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। सावन के महीने में रोजाना दोपहर बाद मंदिर में रुद्राभिषेक किया जा रहा है। सेक्टर-24 स्थित मंदिर के पुजारी आचार्य नूतन देव ने बताया कि सावन का पहला सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन भी हुए। प्रशासन और मंदिर समितियां भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करती रही। इससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से भगवान शिव के दर्शन किए।