Sector 99a Road Work Incomplete For 4 Months People Facing Problems
4 महीने से अधूरा है सेक्टर-99ए की सड़क का काम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, सेक्टर-99ए
गढ़ी सीएचसी से गढ़ी गोपालपुर तक बन रही सड़क का निर्माण कार्य चार महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद पूरा नहीं हो सका। नगर निगम की ओर से इस सड़क का वर्क ऑर्डर 19 फरवरी को जारी किया गया था, निर्माण कार्य 13 मार्च से शुरू हुआ था। लेकिन अब तक सड़क पर ब्लॉक बिछाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर केवल रोड़ी और पत्थर डालकर छोड़ दिए हैं। इससे दोआवाजाही जोखिम भरी हो गई है। धूल और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी दिलीप ने बताया कि पिछले चार-पांच महीनों से सड़क अधूरी पड़ी है। काम में देरी से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर मानेसर नगर निगम के XEN सुनील ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब ब्लॉक बिछाने का काम शुरू किया जाएगा और अगले 20 दिनों के भीतर सड़क का निर्माण पूरा कर दिया जाएगा। काम पूरा कराने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए हैं।