n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश में 10 हजार नए ग्राम संगठनों का गठन किया जाएगा। सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और संस्थागत सशक्तीकरण को नई गति देने के लिए यह फैसला किया है। इसके साथ ही अब ग्राम संगठनों की संख्या 65,460 से बढ़कर 75,460 हो जाएगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ग्राम संगठनों के विस्तार से समूहों को संस्थागत मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नए ग्राम संगठनों के गठन से अधिक स्वयं सहायता समूहों को संगठित ढांचे से जोड़ा जा सकेगा, जिससे उन्हें प्रशिक्षण, क्षमता विकास, वित्तीय सहायता और बैंकिंग सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। प्रदेश में तीन करोड़ परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम संगठनों की संख्या बढ़ने से नए समूहों के गठन, निष्क्रिय समूहों के पुनर्सक्रियकरण और सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। इससे आजीविका मिशन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि यह निर्णय मजबूत और आत्मनिर्भर सामुदायिक संस्थाओं के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्राप्त होगी।