रोहिन, विराट, आशिका, सौंदर्या फाइनल में

नवभारतटाइम्स.कॉम
रोहिन, विराट, आशिका, सौंदर्या फाइनल में
nNBT न्यूज, लखनऊ

गोमती नगर के विजयंत खंड स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित आइटा चैंपियनशिप सीरीज में गुरुवार का दिन उलटफेरों के नाम रहा। सेमीफाइनल मुकाबलों में कोर्ट पर एक के बाद एक पांच बड़े अपसेट देखने को मिले, जिसने सभी को चौंका दिया। बालक और बालिका U-16 वर्ग के चारों सेमीफाइनल मैचों में गैर-वरीय खिलाड़ियों ने शीर्ष दावेदारों को पटखनी दी। यूपी के रोहिन राज , विराट सिंह , सौंदर्या जायसवाल और पश्चिम बंगाल की आशिका जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन कर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, U-14 बालिका वर्ग में यूपी की आशी किरन ने टूर्नामेंट की शीर्ष वरीय आन्या सेन को 9-4 से हराकर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बालक U-16 वर्ग में पांचवें वरीय रोहिन राज ने शीर्ष वरीय किंजल्क श्रीवास्तव को कड़ी टक्कर देते हुए टाईब्रेक खेला और दमदार प्रदर्शन करते हुए 9-8 (5) से जीत हासिल कर फाइनल का टिकट हासिल किया। चौथे वरीय विराट सिंह ने दूसरे वरीय अर्जुन शर्मा के खिलाफ कड़े संघर्ष में 9-6 से जीत हासिल की।

बालिका U-16 वर्ग में आठवीं वरीय आशिका जायसवाल (पश्चिम बंगाल) ने तीसरी वरीय आदित्री सिंह (यूपी) को टाईब्रेक में हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आशिका ने 9-8 (3) से मुकाबला जीता। वहीं, गैर वरीय सौंदर्या जायसवाल ने सातवीं वरीय सिद्धि सिंह को 9-4 से आसानी से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

इससे पहले, बालक U-14 वर्ग में शीर्ष वरीय रबीब अली खान ने तीसरे वरीय युवराज सिंह को 9-3 और दूसरी वरीय तेजस सिंह ने आरव शुक्ला को 9-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।