Farrukhnagar Youth Shot Dead In Enmity 8 10 Attackers Arrived In 4 Vehicles
रंजिश में युवक पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फर्रुखनगर
थाना एरिया के गांव करौला में गुरुवार शाम को बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 24 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। सागर बंगलुरू स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे और कई महीने बाद छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, चार गाड़ियों में आए आठ-दस हमलावरों ने गांव के बीचों-बीच सागर को घेर लिया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें कई गोलियां उसके शरीर में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि 2 अगस्त को सागर के भाई शंकर का गांव में कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। अगले दिन हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की थी। इसी रंजिश में सागर की हत्या किए जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी प्रबीना पी. और एसीपी मनोज कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।