Gomti Nagar Ferocious Dogs Terrorize Bite 2 People Causing Panic
गोमती नगर में कुत्तों का आतंक, 2 लोगों को काटा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
गोमतीनगर इलाके में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। बुधवार को दो अलग-अलग जगहों पर कुत्तों ने दौड़ाकर लोगों को काट लिया। गुरुवार को जब नगर निगम की टीम कुत्ते पकड़ने पहुंची तो कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध कर दिया। विक्रांत खंड-3 में घरेलू सहायिका सरिता को आवारा कुत्तों ने दौड़ाकर पैर में बुरी तरह काट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और महिला को बचाया। घटना के बाद से डरी सरिता ने कुत्तों के डर से लोगों के घरों में काम पर जाने से इनकार कर दिया है। वहीं, विभव खंड-3 में रहने वाले व्यापारी अनिल उपाध्याय सामान लेने जा रहे थे। तभी एक कुत्ते ने हमला कर उनके पैर में दांत गड़ा दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गली में 3-4 आक्रामक कुत्ते रोज राहगीरों, डिलिवरी बॉय और घरेलू सहायिकाओं को दौड़ाते हैं। शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।निगम की कार्रवाई का हुआ विरोध : शिकायत मिलने पर गुरुवार को नगर निगम की टीम कुत्ता पकड़ने पहुंची। लेकिन कुछ स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध किया और कहा कि वे कुत्तों की जिम्मेदारी खुद लेंगे। स्थानीय पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही उन्होंने पूरा प्रकरण नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल है और निगम को जल्द समाधान निकालना चाहिए।