Newborn Sale Uncovered Mother And Buyer Medically Examined Doctors To Be Questioned
नवजात को बेचने के मामले में दो महिलाओं का हुआ मेडिकल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : कुर्सी रोड स्थित सेंट मैरी पॉलीक्लिनिक में सामने आए नवजात को बेचने के मामले की जांच तेज कर दी गई है। गुडंबा पुलिस ने बुधवार को नवजात को जन्म की मां और उसे खरीदने वाली महिला का मेडिकल करवाया है। मामले में नामजद दोनों डॉक्टरों से भी जल्द पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस मामले में डीएनए टेस्ट भी करवाएगी।
इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी मिश्र ने बताया कि दोनों महिलाओं का मेडिकल कराया गया है। अब नामजद दोनों डॉक्टरों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात के जन्म, उपचार और कथित सौदे की प्रक्रिया में किस स्तर पर किसकी क्या भूमिका रही। जांच के दौरान अस्पताल के रिकॉर्ड, डिलीवरी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की दोबारा पड़ताल की जा रही है। संबंधित लोगों के बयानों का मिलान मेडिकल रिपोर्ट और दस्तावेजों से किया जाएगा। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।