Governors Big Statement Outside Tiffin Ban In Hostels Fear Of Drugs
हॉस्टल में बंद हो बाहर का टिफिन: गवर्नर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज़, गोरखपुर: बॉयज हॉस्टल में बाहर से टिफिन आना खतरनाक है। इसमें कुछ भी आ सकता है, ड्रग्स भी। जरूरी है कि बाहरी टिफिन बंद हों और विश्वविद्यालयों के हॉस्टल में मेस शुरू किया जाएगा। यह बात राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुरुवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि के 45वें दीक्षांत समारोह में कहीं। समारोह में 85 मेधावी विद्यार्थियों को 172 पदक दिए गए।
दीक्षांत में गर्वनर ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि अपनी शिक्षा, ज्ञान और कौशल का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज, राष्ट्र और मानवता के कल्याण के लिए करें। कहा कि डिग्री व्यक्ति को पहचान दिलाती है किंतु चरित्र सम्मान दिलाता है। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच ग्राम विद्यालयों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन भी मौजूद रहीं।गिनाईं विवि की कमियां, जांच के लिए टिफिन का सैंपल भी लिया: राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह के दौरान विवि की कमियां गिनाते हुए दूर करने के निर्देश दिए। बताया कि बॉयज हाॅस्टल में आने वाले टिफिन का सैंपल लेकर जांच के लिए देने के साथ ही खुद भी लेकर जा रही हैं, ताकि लखनऊ में जांच करवा सकें। कहा कि ऐसा इसलिए कर रहीं हैं क्योंकि सैंपल बदलने का खतरा है। वहीं गर्ल्स हॉस्टल में उनके आगमन पर नया पंखा लगाए जाने पर भी सवाल उठाया। बिजली की व्यवस्था दुरुस्त न होने पर नाराजगी भी जताई। राम प्रताप शुक्ल ब्वायज हाॅस्टल में गंदगी मिली। जीने पान मसाले की पीक से रंगा देख सफाई पर सवाल उठाए। मंच से ही कहा कि डीएम कहां हैं, उन्हें बताओ कहां क्या हालात हैं।
एबीवीपी पदाधिकारी से अभद्रता, इंस्पेक्टर सस्पेंड: समारोह के दौरान एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल से प्रवेश को लेकर हुए विवाद में कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। पुनीत अग्रवाल को समारोह में शामिल हुए पहुंचे। इसी दौरान उनके कुछ साथी भी आमंत्रण पत्र लेकर मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे लेकिन थाना प्रभारी संजय सिंह ने अंदर जाने से रोक दिया। आरोप है कि इसे लेकर कहासुनी के बाद इंस्पेक्टर ने हाथापाई की और उन्हें विवि की चौकी लाकर बैठा लिया। हंगामे और शिकायत के बाद एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है।