Lucknow Student Going To Market With Friends Crushed By Speeding Vehicle Tragic Death
दोस्तों के साथ बाजार जा रहे छात्र को वाहन ने रौंदा, मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ: अलीगंज थाना क्षेत्र के 60 फिटा रोड पर बुधवार शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 11वीं के छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दो दोस्तों के साथ पैदल मार्केट जा रहा था। हादसे के बाद दोस्तों ने उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
त्रिवेणी नगर स्थित योगी नगर निवासी उमा शंकर पांडेय एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका बेटा अंश पांडेय (15) त्रिवेणी नगर स्थित एकेडमी पब्लिक स्कूल का छात्र था। बुधवार शाम सात बजे अंश अपने दो दोस्तों के साथ पैदल बाजार जा रहा था। तीनों जैसे ही 60 फिटा रोड पर देशी शराब के ठेके के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंश के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके दोनों दोस्तों को भी मामूली चोटें आईं। दोनों ने ऐंबुलेंस की मदद से अंश को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।